Jharkhand News 27 March 2024 | Top News of Jharkhand - 27 March 2024 | Xtylo Jd

 जोहार झारखंडवासियों , आज है 27 March 2024 | आइये देखते है झारखण्ड राज्य से आज के दिन के मुख्य और प्रमुख खबरें है ( 27 March 2024 top news of jharkhand ),जिसे हर झारखंडी को पता रहना चाहिए -


जेल में बंद व्यवसायी विष्णु अग्रवाल रिम्स में भर्ती

जमीन घोटाला मामले में होटवार जेल में बंद व्यवसायी विष्णु अग्रवाल को रिम्स में भर्ती कराया है। मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ विद्यापति ने मंगलवार को बताया कि अनियंत्रित शुगर, ब्लड प्रेशर, सांस लेने में समस्या और पेट के निचले भाग में सूजन के बाद रिम्स के ट्रॉमा सेंटर के पहले तल्ले पर भर्ती कराया गया है। डॉ विद्यापति ने बताया कि विष्णु अग्रवाल का प्रारंभिक चरण में दवाइयां दी गई हैं। रूटीन जांच में सीबीसी, आरएफटी, एलएफटी, अल्ट्रासाउंड, ब्लड शुगर, ईसीजी, इको और यूरिन टेस्ट के लिए सैंपल लिया गया है। रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट के आधार पर इलाज की जाएगी। उन्होंने बताया कि उनके इलाज के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है। संभवत: बुधवार को मेडिकल बोर्ड की बैठक होगी और उसमें इलाज को लेकर चर्चा की जायेगी।

चाईबासा में नक्सलियों ने वैद्य की हत्या कर घर को फूंका, एक को किया अगवा

पश्चिम सिंहभूम। पश्चिम सिंहभूम के कोल्हान जंगल में नक्सलियों ने जमकर उत्पात मचाया है। नक्सलियों ने एक ग्रामीण वैद्य की हत्या कर दी जबकि एक ग्रामीण का घर भी जला दिया है। कुछ ग्रामीणों के अगवा होने की भी आशंका है। जानकारी के मुताबिक नक्सलियों ने सोमवार की रात टोंटो थाना क्षेत्र रेंगड़ाहातु के वैद्य सुपायी मुंडकेन की हत्या कर दी। बताया जा रहा है सुपायी मुंडकेन जड़ी बूटी लाने जंगल गया था। इसी दौरान नक्सलियों ने उनकी हत्या कर दी है। इस घटना को अंजाम देने के बाद नक्सलियों ने वैद्य के भाई के साथ मारपीट भी की है। इसके बाद नक्सलियों ने रेंगड़ाहातु में स्थित मानसिंह कोड़ा के घर को भी जला दिया है।

डुमरी विस सीट पर उप चुनाव में 50 फीसदी बूथों पर होगी वेबकास्टिंग

डुमरी उपचुनाव को लेकर बोकारो जिला प्रशासन ने तैयारियां मुकम्मल करने का काम शुरू कर दिया है। बोकारो के डीसी कुलदीप चौधरी और एसपी प्रियदर्शी आलोक ने मंगलवार को चुनाव की तैयारी को लेकर संयुक्त रूप से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चुनाव के मद्देनजर तैयारी पूरी की जा रही है। मतदान केंद्रों में मतदाताओं को कोई दिक्कत नहीं हो उसके लिए व्यापक तैयारी की जा रही है। सभी संवेदनशील बूथों में भी फोर्स की तैनाती की जाएगी। बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड में 129 और चंद्रपुरा प्रखंड में 45 मतदान केंद्रों में पांच सितंबर को मतदान होगा। चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से कराने के लिए कुल 27 सेक्टर बोकारो जिले में बनाया गया है।इसमें 20 सेक्टर नावाडीह और सात सेक्टर चंद्रपुरा में है। इसके अलावा 17 कलस्टर भी बनाए गए हैं।

सांसद दीपक प्रकाश ने केंद्र से झारखंड में बायो-सीएनजी प्लांट स्थापित करने की मांग की

भाजपा के राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने केंद्रीय आवास और शहरी मामलों व पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मंगलवार को पत्र लिखा है। इसके जरिये झारखंड में रांची सहित अन्य शहरों जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, दुमका, मेदिनीनगर व चाईबासा में बायो- सीएनजी प्लांट स्थापित करने का आग्रह किया है। पत्र में कहा है कि सीबीजी को विश्व स्तर पर हरित ईंधन के रूप में मान्यता प्राप्त है। आने वाले दिनों में बायो – सीएनजी भारत के भविष्य का ईंधन बन सकता है। यह न केवल भारत के प्राकृतिक गैसों के आयात पर आने वाले खर्च को कम कर सकता है, बल्कि देश में कचरे से निपटने में भी मदद कर सकता है।

डुमरी विस सीट पर उप चुनाव में झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन और अविनाश पांडेय करेंगे प्रचार

डुमरी विधानसभा सीट पर उप चुनाव पांच सितंबर को है। सत्ता और विपक्ष पूरी जोर लगा रहे हैं। यह सीट दोनों पक्षों के लिए कई मायनों में खासा महत्व रखता है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि चुनाव में फतह के लिए स्व. जगरनाथ महतो के काफी करीबी रहे शिबू सोरेन ने क्षेत्र में उतरने का निर्णय लिया है। पूरे चुनावी अभियान का नेतृत्व खुद शिबू सोरेन करेंगे। इतना ही नहीं नये गठबंधन ‘इंडिया’ के करीब-करीब सभी दलों के नेता चुनाव अभियान में उतरेंगे। पार्टी ने स्टार प्रचारकों की सूची तैयार कर ली है, जिसमें ‘इंडिया’ गठबंधन दल के कई नेताओं को शामिल किया गया है। कुल 36 नेता इस चुनावी अभियान का मोर्चा विभिन्न क्षेत्रों में संभालेंगे। इसके अतिरिक्त जो नेता स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल नहीं हैं, वह भी डुमरी में चुनाव प्रचार करेंगे।

गिरिडीह के नवाडीह और धावा टांड़ की जनसभा में बाबूलाल का हेमंत सरकार पर कड़ा प्रहार

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को डुमरी उपचुनाव में प्रचार अभियान का श्रीगणेश किया। बारिश के बीच मरांडी ने नवाडीह और धावा टांड़ में जनसभा को संबोधित करते हुए हेमंत सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों से राज्य को लुटा है। खान खनिज,जमीन बालू पत्थर सब लूटे हैं। ऐसी लुटेरी सरकार को राज्य से उखाड़ फेंकने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज राज्य में अपराधी बेलगाम हैं। हत्या ,लूट,चोरी डकैती ,अपहरण की घटनाएं आम हो गई हैं। राज्य के बहन-बेटियों की इज्जत सुरक्षित नहीं। उन्होंने कहा कि ये सब इसलिए हो रहा क्योंकि राज्य की पुलिस को मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए नहीं बल्कि वसूली करने में लगा दिया है। मरांडी ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है। ब्लॉक ,थाना, कहीं भी जाएं बिना पैसे के आवास ,जाति प्रमाण पत्र भी नहीं बनते।

हमारा कर्तव्य है कि हम भारत को मजबूत बनाएं ताकि विश्वगुरु बन कर उभरें : सांसद सुनील सोरेन

जामताड़ा। जामताड़ा में मेरी माटी मेरा देश एवं हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को जेबीसी हाई स्कूल में दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन दुमका सांसद सुनील सोरेन ने किया। केंद्र सरकार के सूचना प्रसारण मंत्रालय अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो की क्षेत्रीय धनबाद इकाई द्वारा अमृत महोत्सव के तहत प्रधानमंत्री के आह्वान पर मेरा माटी मेरा देश एवं हर घर तिरंगा अभियान के तहत इस चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इसके उपरांत उन्होंने मेरी माटी मेरा देश, अमृत महोत्सव तथा नौ वर्ष सेवा सुशासन तथा गरीब कल्याण विषय पर लगी इस प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इसके उपरांत उन्होंने जागरुकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही मेरा माटी में मेरा देश पर लगी सेल्फी पॉइंट पर जाकर अन्य अतिथियों तथा मौजूद छात्र-छात्राओं के साथ फोटो खिंचवाई। सांसद ने कहा कि जामताड़ा में भारत सरकार के विभाग केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा यह प्रदर्शनी लगाना एक उत्कृष्ट प्रयास है इस प्रदर्शनी में बहुत कुछ बताया गया है, जिसे हमें समझने की जरूरत है।

राष्ट्रपति से मिल खिल उठे बच्चों के चेहरे, महामहिम से मिला दुलार

झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, राजस्थान और मध्य प्रदेश के एकलव्य मॉडल आवसीय विद्यालय में पढ़ रहे 460  छात्रों (ईएमआरएस) को शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के तहत आज राष्ट्रपति भवन के दौरा करने का अवसर प्राप्त हुआ। यह कार्यक्रम जनजातीय मंत्रालय एवं राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति(NESTS) के द्वारा तत्वाधान में आयोजित की गयी। छात्रों के साथ एकलव्य विद्यालय के 40 शिक्षक भी इस भ्रमण पर आए हुए हैं। इस दौरान सभी छात्रों से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में मुलाकात कर संवाद किया। इस अवसर केंद्रीय जनजातीय मामले के मंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह और केंद्रीय राज्य मंत्री बिन्देश्वर टुडू उपस्थित रहें। अपने भ्रमण के दौरान छात्रों ने अमृत उद्यान, राष्ट्रपति भवन संग्रहालय और पुस्तकालय का दौरा किया। 


सरकार ने हाई कोर्ट में दाखिल की अवैध खनन की रोकथाम पर स्टेटस रिपोर्ट

पलामू, गढ़वा और लातेहार में अवैध खनन से जुड़ी जनहित याचिका पर राज्य की हेमंत सोरेन सरकार ने अवैध खनन की रोकथाम को लेकर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल कर दी है। हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस संजय कुमार मिश्र की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने मंगलवार को याचिकाकर्ता को कहा कि अगर वह चाहें, तो सरकार की स्टेटस रिपोर्ट पर अपना जवाब दाखिल कर सकते हैं। कोर्ट इस मामले की अगली सुनवाई 19 सितंबर को करेगा।

5 सूत्री मांगों के साथ धरना पर बैठे तेजस्विनी कर्मचारी, कहा- विभाग के रवैये ने आंदोलन करने को मजबूर किया

झारखंड राज्य तेजस्विनी कर्मचारी संघ के लोग आज अपने पांच सूत्री मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद ज्ञापन भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम सौंपेंगे। इन कर्मचारियों का कहना है कि बीते 7 अगस्त को भी इन्होंने अपनी मांगों के साथ मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया था उस दिन 3 प्रतिनिधि मंडल के साथ मुख्यमंत्री की प्रधान सचिव वंदना दादेल ने मुलाकात की थी और कहा था कि एक सप्ताह के अंदर आपकी मांग को मुख्यमंत्री के पास रखूंगी।15 दिन से भी ज्यादा का समय बीत गया है लेकिन अब तक हमारी मांग पर किसी तरह का ठोस पहल नहीं किया गया है। इसलिए आज फिर तेजस्विनी कर्मचारी संघ के लोग प्रोजेक्ट बिल्डिंग के पास धरना पर बैठे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि इन लोगों ने कई बार मुख्यमंत्री के पास, बाल विकास मंत्री के पास, विभागीय निदेशक के पास, सचिव के पास अपनी मांग रखी है। कई बार शिष्टमंडल से वार्ता भी हुई लेकिन कोई सकारात्मक पहल करता ही नहीं। इसलिए मजबूरन इनको आंदोलनरत होना पड़ा है।

झारखंड के इन सात जिलों के 10 हजार बेरोजगार युवाओं को 29 अगस्त को ऑफर लेटर देंगे CM हेमंत सोरेन

हाल ही में चाईबासा में बेरोजगार युवाओं को ऑफर लेटर देने के बाद अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन धनबाद में युवाओं को ऑफर लेटर देंगे। हेमंत सोरेन 29 अगस्त को धनबाद के स्पोर्ट्स स्टेडियम आठ लेन रोड में आयोजित होनेवाले कार्यक्रम में बेरोजगार युवाओं को ऑफर लेटर सौंपेंगे। इस कार्यक्रम के आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री सचिवालय ने जिला प्रशासन को पत्र भेजा है। इसमें कार्यक्रम के आयोजन को लेकर तैयारियां करने का निर्देश दिया गया है। इस दिन लगभग 10 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। बताया गया है कि यह ऑफर लेटर वितरण कार्यक्रम का आयोजन तो धनबाद में होगा, लेकिन इसमें उत्तरी छोटानागपुर के सभी जिलों (हजारीबाग, कोडरमा, गिरीडीह, धनबाद, बोकारो, चतरा, रामगढ़) के युवा शामिल होंगे। इस दिन धनबाद के एक हजार से अधिक और सभी जिले मिलाकर लगभग 10 हजार युवाओं को ऑफर लेटर मिलेगा। यह ऑफर लेटर कार्यक्रम सह रोजगार मेला श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग आयोजित कर रहा है।

रांची आ रही फ्लाइट में यात्री करने लगा खून की उल्टी, नागपुर में करनी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग 

मुंबई से रांची आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट में उस वक्त अफरा तफरी मच गई, जब एक यात्री हवा में उड़ान के दौरान ही खून की उल्टी करने लगा। देखते ही देखते यात्री की तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगी और कुछ ही देर में उसकी मृत्यु हो गई। यात्री की तबीयत बिगड़ता देख पायलट ने फ्लाइट की नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की। लैंडिंग से पहले ही नागपुर एयरपोर्ट पर KIMS-किंग्सवे अस्पताल की मेडिकल टीम मौजूद थी, जिसने तुरंत यात्री का चेकअप किया और बताया गया कि यात्री की मौत हो चुकी है। इसके बाद यात्री को मृत अवस्था में ही अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल की तरफ से जारी एक बयान में बताया गया कि यात्री  किडनी रोग से पीड़ित था। यात्री के बारे में बताया गया कि उसने फ्लाइट में ही काफी ज्यादा खून की उल्टी कर ली थी, जिसकी वजह से उसकी कुछ ही देर में मौत हो गई। आगे की जांच के लिए यात्री के शव को सरकारी अस्पताल ले जाया गया। मरने वाले यात्री की पहचान देवानंद तिवारी (उम्र 62 वर्ष) के रूप में की गई है। 

देश में पहली बार वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन होने जा रहा है

देश में पहली बार वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन होने जा रहा है। अच्छी बात यह है कि इसकी मेजवानी रांची को मिली है। यह पहला मौका है जब रांची में हॉकी का कोई इंटरनेशनल टूर्नामेंट खेला जाएगा। मंगलवार को हॉकी इंडिया, हॉकी झारखंड और झारखंड सरकार ने संयुक्त रूप से इसकी घोषण की 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित होने वाले टूर्नामेंट के सभी मैच रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। झारखंड के खेल मंत्री हफीजुल हसन ने चैंपियनशिप ट्रॉफी के लोगों का भी अनावरण
किया। मंत्री द्वारा हॉकी इंडिया के अध्यक्ष को स्पॉन्सरशिप अमाउंट के रूप में 10 करोड़ रुपएका चेक सौंपा गया।
वहीं, खेल निदेशक सरोजनी लकड़ा और हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्कों के बीच एमओयू हुआ। इस इंटरनेशनल टूर्नामेंट का आयोजन 1985 से हो रहा है, जबकि पहली बार भारत को इसकी मेजवानी मिली है। हसन ने कहा कि सीएम हेमंत सोरेन के प्रयास से पहली बार देश में होने वाले इस इंटरनेशनल टूर्नामेंट की मेजबानी रांची को मिली है। बता दें कि भारतीय टीम में झारखंड की चार खिलाड़ी खेलेंगी। टीम में निक्की प्रधान, सलीमा टेटे, ब्यूटी डुंगडुंग और संगीता कुमारी को शामिल किया गया है।

राज्य में इस बार भी किसानों के लिए बड़ी राहत नहीं है

राज्य में इस बार भी किसानों के लिए बड़ी राहत नहीं है। राज्य के सिर्फ 4 जिलों में सामान्य बारिश हुई है जबकि, 19 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। चतरा जिला में बिल्कुल सूखा है। सूखे पर कृषि मंत्री ने दिया किसानों को भरोसा कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने भरोसा दिलाया है कि किसानों को सरकार राहत देगी। इसके लिए रणनीति तैयार की जा रही है। 15 सितंबर तक राज्य के कृषि की बुआई और उपज को लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर ली जाएगी। राज्य में कुल 47% आच्छादन हुआ है, जो औसत से 53 फ़ीसदी कम है यह एक चिंतनीय है पहले राज्य में जहां तीन और चार वर्षों के अंतराल में सुखाड़ आता था वहीं अब, पर्यावरण असंतुलन की वजह से लगातार यह दूसरा वर्ष है जिसने, किसानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। इस बार औसत से 38% बारिश कम हुई है।

आईईडी बम की चपेट में आया नक्सली समर्थक

नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए कोल्हान जंगल के टोंटो थाना क्षेत्र में कई जगह पर आईईडी लगा रखी है। इसी आईईडी की चपेट में आने से एक नक्सली समर्थक की मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि वह नक्सलियों से मिलकर लौट रहा था। अचानक उसका पैर आईईडी में पड़ गया और उसकी मौत हो गयी। इस संबंध में एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि गोईलकेरा थाना क्षेत्र के राजबासा का रहने वाला अर्जुन सुरीन नक्सलियों के लिए काम करता था। उन तक मदद पहुंचाता था वह नक्सली समर्थक था। वह वनग्राम राजाबासा में रह नक्सलियों (भाकपा माओवादी ) को हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराता था।


Post a Comment

0 Comments